
जौनपुर। “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अंतर्गत सोमवार 11 मई को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय ज्योतिर्लिंग कार्यक्रम की तैयारियों के तहत रविवार को जनपद के विभिन्न शिव मंदिरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी Samuel Paul N के निर्देशन में नगर निकायों, ग्राम पंचायतों और संबंधित विभागों के सहयोग से मंदिर परिसरों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण कराया गया।
अभियान के दौरान शिवालयों में स्वच्छता व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं। स्थानीय नागरिकों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने श्रमदान कर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
इसी क्रम में गौरीशंकर शिव मंदिर सिंगरामऊ, मैदासपट्टी खुटहन, विकास खंड सोंधी के सहांवे स्थित शिव मंदिर, ग्राम पंचायत चंदापुर, लेदुका सहित जनपद के विभिन्न शिवालयों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि पर्व के अवसर पर प्रमुख शिवालयों में मंत्रोच्चार, ओंकार जाप, महाआरती, रूद्राभिषेक, दीपोत्सव, प्रवचन एवं भजन संध्या जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं विद्यालयों में रंगोली, निबंध लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” भारतीय संस्कृति, आस्था और गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं तथा जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपील की है।


