
बरसठी जौनपुर- स्थानीय थाना क्षेत्र के बड़ेरी गांव से 25 वर्षीय युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवक के कई दिनों तक घर न लौटने से परिवार में चिंता का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी रोहित कुमार यादव (25) बीते 3 मई को दोपहर करीब एक बजे बिना किसी को बताए घर से कहीं चला गया। इसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों व आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। मामले में युवक के चचेरे भाई अजय कुमार यादव ने 4 मई को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। आरोप है कि पुलिस ने अब तक गुमशुदगी दर्ज नहीं की है। लापता युवक का कद लगभग 5 फीट 6 इंच, रंग सांवला तथा हल्की दाढ़ी बताई जा रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव का कहना है कि युवक अपने मन से कहीं चला गया है। उन्होंने बड़ेरी चौकी पर संपर्क करने की सलाह दी है।


