
जौनपुर। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को जिले में “समाधान समारोह-2026” के तहत विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी सिविल जज (सीडी)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील कुमार सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि इस विशेष लोक अदालत में सर्वोच्च न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों का आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा, जिनमें समझौते की संभावना है। इसका उद्देश्य आमजन को त्वरित, सस्ता और सरल न्याय उपलब्ध कराना तथा पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और तालुका विधिक सेवा समितियों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम, बैठकें और समन्वय गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस विशेष लोक अदालत से पक्षकारों का समय और धन दोनों बचेगा तथा वर्षों से लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण में मदद मिलेगी।


