
बाबा नीम करौली के जीवन और आध्यात्मिक संदेश पर आधारित फिल्म को मिल रहा दर्शकों का प्यार
जौनपुर-छोटे बजट में तैयार की गई हिंदी फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों दर्शकों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बाबा नीम करौली के जीवन, उनके आध्यात्मिक व्यक्तित्व और हनुमान भक्ति से जुड़े प्रसंगों पर आधारित इस फिल्म को देखने के लिए दर्शकों में उत्साह नजर आ रहा है। फिल्म जहां भी सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है, वहां दर्शकों की अच्छी भीड़ उमड़ रही है और कई शो हाउसफुल जा रहे हैं।
फिल्म की कहानी आध्यात्मिक आस्था, भक्ति और मानव जीवन में सकारात्मक विचारों के महत्व को केंद्र में रखती है। बाबा नीम करौली के व्यक्तित्व से जुड़े आध्यात्मिक पक्षों को फिल्मी रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। यही वजह है कि धार्मिक और आध्यात्मिक विषयों में रुचि रखने वाले दर्शकों के साथ ही युवा वर्ग भी फिल्म को देखने के लिए सिनेमाघरों तक पहुंच रहा है।



