
जौनपुर- आंखों की रोशनी लौटने की उम्मीद लेकर रविवार को महमदपुर में आयोजित नि:शुल्क नेत्र शिविर में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर में 182 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिसमें 65 मरीजों को नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। नीरज सिंह के नेतृत्व में आयोजित यह 21वां शिविर जरूरतमंदों के लिए उम्मीद की किरण बना।
महमदपुर वार्ड नंबर 18 के समाजसेवी एवं जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी नीरज सिंह के नेतृत्व में टीबीएस धर्म कांटा एवं टीबीएस ऑटो सर्विस सेंटर के तत्वावधान में आयोजित शिविर में आर.जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी की चिकित्सकीय टीम ने मरीजों की आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।जांच के बाद 65 मरीजों को नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। बीपी और शुगर का स्तर अधिक पाए जाने के कारण कुछ मरीजों का ऑपरेशन इस बार नहीं हो सका। ऐसे मरीजों को स्वास्थ्य स्थिति नियंत्रित होने के बाद अगले शिविर में पुनः जांच कराने की सलाह दी गई।शिविर को सफल बनाने में डॉ. अमीषा, प्रिया (ए-विजन टेस्टिंग), नीलू पाल (लैब टेस्टिंग), कार्यक्रम समन्वयक गणेश, चालक हरिशंकर सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजक नीरज सिंह ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
11 अक्टूबर को फिर लगेगा नि:शुल्क नेत्र शिविर
नीरज सिंह ने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का यह सेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा। अगला नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर 11 अक्टूबर 2026, रविवार को टीबीएस धर्म कांटा, महमदपुर में आयोजित किया जाएगा।


