
मारुति सुजुकी के सभी मानकों पर खरा उतरने पर मिला सम्मान, मंत्री गिरीश चंद्र यादव रहे मुख्य अतिथि
जौनपुर– कीर्तिकुंज ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड को सुजुकी इंडिया लिमिटेड द्वारा पूरे भारत में मारुति सुजुकी के सभी गुणवत्ता मानकों को सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रतिष्ठित ‘टाइटेनियम डीलर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में कंपनी द्वारा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल कंपनी के लिए, बल्कि जौनपुर जनपद के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने कीर्तिकुंज ऑटोमोबाइल्स की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की सफलताएं क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
कंपनी के चीफ मैनेजिंग डायरेक्टर नन्हेलाल वर्मा ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी के उच्चतम गुणवत्ता मानकों का पालन करने के चलते कीर्तिकुंज को यह सर्वोच्च ‘टाइटेनियम अवार्ड’ प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने ग्राहकों को बेहतर सेवा और उत्कृष्ट अनुभव देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने टीम की मेहनत, ग्राहकों के विश्वास और सभी सहयोगियों को दिया।
मैनेजिंग डायरेक्टर सनी वर्मा ने बताया कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद कीर्तिकुंज ने सभी मानकों को पूरा करते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित की और टाइटेनियम अवार्ड हासिल किया।

एमडी/सीईओ प्रियम वर्मा ने जानकारी दी कि यह पुरस्कार मारुति सुजुकी के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रदान किया जाएगा, जिसके लिए उन्हें मलेशिया आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि में कर्मचारियों और जौनपुर व सुल्तानपुर के ग्राहकों का विशेष योगदान है। साथ ही उन्होंने बताया कि कीर्तिकुंज में सर्विस और सेल्स दोनों क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सर्टिफाइड मैनपावर मौजूद है, जिसके कारण सभी मानकों को पूरा करना संभव हो सका।
कार्यक्रम के दौरान जीएम सेल्स अफजाल सिद्दीकी, सचिन शुक्ला, जीएम सर्विस पियूष यादव, जीएम अकाउंट सुमित वर्मन, सेल्स मैनेजर अनुप श्रीवास्तव, वर्क्स मैनेजर आधेश तिवारी सहित जौनपुर व सुल्तानपुर के समस्त स्टाफ ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए जश्न मनाया।










