
जौनपुर में एसएसपी का NAFIS कार्यालय का औचक निरीक्षण
जौनपुर। जनपद में पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा एन.ए.एफ.आई.एस (National Automated Fingerprint Identification System) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में तैनात समस्त पुलिस कर्मियों से उनके दायित्वों एवं कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई।
एसएसपी ने अब तक अपलोड किए गए डाटा का गहन अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा समयबद्ध डाटा प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान एवं आपराधिक इतिहास के त्वरित सत्यापन में यह प्रणाली अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
गौरतलब है कि NAFIS प्रणाली को राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) द्वारा विकसित किया गया है। इस आधुनिक प्रणाली के अंतर्गत जब भी किसी अपराधी को गिरफ्तार किया जाता है, तो उसे 10 अंकों का एक विशिष्ट ‘नेशनल फिंगरप्रिंट नंबर’ (NFN) प्रदान किया जाता है, जो उसकी आजीवन पहचान के रूप में दर्ज रहता है।
एसएसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे तकनीकी संसाधनों का पूर्ण उपयोग करते हुए अपराध नियंत्रण में तेजी लाएं तथा डेटा की शुद्धता और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखें।






