
जौनपुर, 28 मई 2026 (सूचना विभाग)। जिलाधिकारी एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी सीडा श्री सैमुअल पॉल एन. ने गुरुवार को औद्योगिक क्षेत्र सतहरिया का भौतिक निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीडा कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न निर्माण एवं सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति जानी।
।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण कार्यों के बीच जगह-जगह पड़े मलबों को शीघ्र हटाकर साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क एवं पार्क निर्माण का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्र के पार्कों में पौधारोपण कराने, बैठने की बेहतर व्यवस्था विकसित करने तथा पेयजल सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही उद्यमियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, इंडस्ट्रियल एरिया में प्रवेश द्वार बनाने एवं चौराहों के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया।

उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों पर स्पीड ब्रेकर बनाने तथा सड़क किनारे कराए जा रहे इंटरलॉकिंग कार्य को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीडा के दक्षिणी सेक्टर में रिमझिम पावर प्लांट से निकल रहे धुएं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित इकाई को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने दक्षिणी सेक्टर में निर्माणाधीन पंप हाउस का निरीक्षण भी किया। वहीं उत्तरी सेक्टर में निर्माणाधीन बाउंड्रीवाल को शीघ्र पूर्ण कराने तथा एनएच-31 के किनारे पुलिस चौकी के पास खड़े वाहनों को हटाने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर प्रबंधक सीडा सीमा सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी आशुतोष सहाय पाठक, सहायक अभियंता सीएनडीएस आकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



