
केईएम अस्पताल मुंबई में एमडी पल्मोनरी मेडिसिन की सीट मिली
खेतासराय जौनपुर
जनपद के जर्रो गांव निवासी होनहार युवा डॉक्टर सुरेश कुमार ने नीट पीजी में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। मेडिकल काउंसिलिंग कमेटी द्वारा जारी फाइनल अलॉटमेंट लेटर के अनुसार उनका चयन मुंबई स्थित सेठ गोवर्धनदास सुंदरदास मेडिकल कॉलेज एवं केईएम हॉस्पिटल में एमडी (पल्मोनरी मेडिसिन) पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के साथ वे फेफड़ों व श्वसन रोगों के विशेषज्ञ बनने की दिशा में आगे बढ़ गए हैं।

डॉक्टर सुरेश ने प्रारंभिक शिक्षा जौनपुर के गुलालपुर स्थित बृजेश इंटर कॉलेज से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट तक पूरी की। छात्र जीवन से ही वे मेधावी, अनुशासित और मेहनती रहे हैं। कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन और मजबूत संकल्प के बल पर उन्होंने देश की कठिनतम परीक्षाओं में से एक में सफलता प्राप्त की।
उनके पिता बदई राम गांव में कृषि व मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। माता-पिता के त्याग, मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को डॉक्टर सुरेश ने अपनी सफलता का आधार बताया। डॉक्टर सुरेश ने कहा कि भविष्य में वे जौनपुर व आसपास के क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञ सेवाएं देना चाहते हैं, ताकि ग्रामीण और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर इलाज अपने ही जिले में मिल सके। उनकी सफलता से गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।



