
जौनपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा लपरी (कोइरीडीहा चौराहा के पास) में पंचायत राज योजना के अंतर्गत बनने वाले उत्सव भवन (बारात घर) का भूमि पूजन एवं शिलान्यास शनिवार को प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने विधिवत पूजन-अर्चन कर किया।

पंचायती राज विभाग द्वारा बनाए जाने वाले इस उत्सव भवन के निर्माण पर कुल 1.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम प्रधान संतोष सिंह एवं डीपीआरओ नवीन सिंह द्वारा राज्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत करने से हुई। इसके बाद मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर शिलान्यास संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि उत्सव भवन बनने से आसपास के ग्रामीणों को विवाह एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए न्यूनतम शुल्क पर बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने बताया कि भवन में सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ जनरेटर की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे लोगों को भारी खर्च से राहत मिलेगी।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री अजय सिंह ने किया। इस दौरान प्रेम यादव, राजेश यादव, सुजीत मौर्य, आशीष गुप्ता, मनीश श्रीवास्तव, डाबलू यादव, राजनाथ सिंह, विनय यादव, श्रवण सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




