
जौनपुर, 26 जुलाई। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के 27 जुलाई को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रस्तावित दीक्षांत समारोह में आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. ने कैंप कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सकीय टीम, एम्बुलेंस एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, अग्निशमन विभाग, नगर पालिका, खाद्य सुरक्षा विभाग, डीपीआरओ सहित अन्य विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं कार्यक्रम से पूर्व पूरी कर ली जाएं और किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



