
जौनपुर! 23 अगस्त। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में रविवार देर शाम खाद्य एवं रसद विभाग की आपूर्ति शाखा से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राशन कार्ड, ई-केवाईसी, उचित दर दुकानों, अन्नपूर्णा भवनों और चीनी के भंडारण एवं मूल्य की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में कुल 8,45,215 राशन कार्डों में शामिल 34,88,572 लाभार्थियों में से 33,23,795 लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। शेष 1,64,777 लाभार्थियों की ई-केवाईसी जल्द पूरा कराने के निर्देश डीएम ने दिए। जिले में रिक्त पड़ी 27 उचित दर दुकानों के संबंध में जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को नियमानुसार खुली बैठक कराकर 15 दिनों के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने को कहा। वहीं निलंबित चल रही 9 उचित दर दुकानों पर भी जल्द निर्णय लेकर आगे की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में निर्माणाधीन मॉडल शॉप और अन्नपूर्णा भवनों की भी समीक्षा हुई। डीएम ने बताया कि 24 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन पूरी तरह बनकर तैयार हैं। इनके नियमानुसार हस्तांतरण के बाद सितंबर 2026 का खाद्यान्न उठान और वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 33 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण अंतिम चरण में है। इनमें केवल फिनिशिंग का काम बाकी है, जिसे एक सप्ताह में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। चीनी के भंडारण और बाजार मूल्य पर भी जिलाधिकारी ने कड़ी निगरानी के निर्देश दिए। अधिकारियों को लगातार निरीक्षण और छापेमारी करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि चीनी निर्धारित मानक मूल्य से अधिक कीमत पर न बिके। डीएम ने सिंगल स्टेज व्यवस्था के तहत उचित दर विक्रेताओं को निर्धारित जियोफेंस पर ही खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए सभी परिवहन ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश देने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, एफसीआई व सीडब्ल्यूसी के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और परिवहन ठेकेदारों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


