
पुलिस लाइन जौनपुर में ग्राम प्रहरी सम्मेलन का भव्य आयोजन, सीएम द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्राम प्रहरियों को किया गया सम्बोधित-जौनपुर —जनपद पुलिस लाइन में *“ग्राम प्रहरी सम्मेलन”* का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० यशवीर सिंह द्वारा प्रतिभाग किया गया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्राम प्रहरियों को सम्बोधित किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रहरियों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन तथा समाज में सक्रिय असामाजिक एवं अराजक तत्वों की गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने हेतु जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों के योगदान एवं उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, गाँवों में होने वाली गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुँचाने तथा पुलिस एवं आमजन के मध्य समन्वय स्थापित करने में उनकी भूमिका की सराहना की गई। ग्राम प्रहरियों को उनके कर्तव्यों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को उपलब्ध कराने तथा पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करने हेतु प्रेरित किया गया। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चन्द्रशेखर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी, क्षेत्राधिकारी केराकत गिरेन्द्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अन्य पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्राम प्रहरी उपस्थित रहे।


