
जौनपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत युवाओं को उनकी शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में 15 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इसमें कुल 611 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कर साक्षात्कार दिया, जिनमें से 304 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं, चयनित पांच अभ्यर्थियों को अतिथियों द्वारा ऑफर लेटर वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा मछलीशहर जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, राजकीय पॉलीटेक्निक की प्राचार्या और जिला सेवायोजन अधिकारी ने किया। इस दौरान अतिथियों को बुके, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि युवा देश का भविष्य और ताकत हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने बताया कि जनपद के युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। मेले में अडानी सोलर एनर्जी लिमिटेड, एशियन इलेक्ट्रॉनिक्स, पुखराज हेल्थकेयर, अतुल ऑटो, रेजोन सोलर, कोरोना रेमेडीज सहित विभिन्न कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों ने सोलर टेक्नीशियन, सुपरवाइजर, मशीन ऑपरेटर, स्टोर मैनेजर, ट्रेनर, सेल्स मैनेजर और कलेक्शन ऑफिसर सहित विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की।
मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा उत्तीर्ण युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


