
जौनपुर 06 अगस्त – मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 गंगाराम गौतम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसठी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भन्नौर एवं जयगोपालगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए। चिकित्सालयों में आवश्यक औषधियाँ पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाई गईं तथा व्यवस्थाएँ संतोषजनक रहीं।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय से उपस्थित रहकर आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराएँ। वर्तमान में वायरल फीवर के बढ़ते मामलों को दृष्टिगत रखते हुए अधिक से अधिक आवश्यक जाँच कराने, रोगियों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा उन्हें वायरल संक्रमण से बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, एआरवी और एएसवी की उपलब्धता पर्याप्त पाई गई। चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि भविष्य में भी इनकी निर्बाध एवं सतत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


